नई दिल्ली(कुमार गजेन्द्र) नई दिल्ली जिला के जंतर मंतर पर शुक्रवार को पंजाब की एक रेप पीड़िता ने जमकर हंगामा काटा। गुस्साई महिला ने लाठी से कई लोगों के सिर फोड़ डाले।
महिला और उसके साथ मौजूद एक सिख बुजुर्ग ने पुलिस की मौजूदगी में यह दिल दहलाने वाला कारनामा किया, लेकिन पुलिस तमाशबीन ही बनी रही। हैरान कर देने वाली बात यह है कि मौके पर मौजूद पुलिस वालों ने घायल महिला को बचाना तो दूर उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए पीसीआर को कॉल तक नहीं किया।
मामले के मुताबिक पंजाब के लुधियाना की रहने वाली एक महिला 12 जनवरी 2013 से जंतर मंतर पर धरने पर बैठी हुई है। महिला का आरोप है कि पंजाब के एक सीनियर आईपीएस अधिकारी ने उसके साथ 2013 में रेप किया था। उसकी शिकायत पर पंजाब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
इतना ही नहीं पुलिस ने इस मामले में महिला के आरोप के बावजूद एफआईआर तक दर्ज नहीं की थी। इस मामले में न्याय पाने के लिए महिला दिल्ली के जंतर मंतर पर लंबे समय से धरना दे रही है। बुधवार को पुलिस ने इस महिला को जंतर मंतर से जबरन हटा दिया था, उस वक्त भी महिला ने जमकर हंगामा काटा था, लेकिन शुक्रवार दोपहर में अचानक यह महिला एक बार फिर जंतर मंतर पर लाठी लेकर आ गई।
महिला के साथ एक बुजुर्ग सिख भी था। महिला ने आते ही जो भी मिला उसी पर जमकर लाठियां मारी। इसका शिकार वहां से गुजरने वाले या फिर महिला को रोकने वाले कई लोग बने। कईयों के सिर फूट गए, यह सारा वाक्या जब हुआ मौका ए वारदात पर दर्जनों अर्धसैनिक बलों के जवानों के अलावा दिल्ली पुलिस और खुफिया विभाग के लोग भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी महिला को रोकने की कोशिश नहीं की।
इस दौरान एक महिला को सिर में गंभीर चोट आई और वह जमीन पर बेहोश होकर गिर गई। नवोदय टाइम्स के संवाददाता द्वारा पीसीआर को फोन करने के बाद पीसीआर की एक वैन ने महिला को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।

No comments:
Post a Comment